छत्तीसगढ़न्यूज़सामाजिक

छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मनाया काला दिवस, नियमितीकरण और 30 हजार मानदेय की मांग

WhatsApp Image 2026-11-19 at 7.10.01 PM
WhatsApp Image 2026-11-19 at 7.10.01 PM (1)

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने अपनी लंबित मांगों को लेकर तीन दिवसीय चरणबद्ध आंदोलन के अंतिम दिन 19 नवंबर को प्रदेशभर में काला दिवस मनाया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर सरकार के प्रति विरोध जताया।

17 से 19 नवंबर तक चला चरणबद्ध आंदोलन

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं 17 नवंबर से अलग-अलग चरणों में विरोध प्रदर्शन कर रही थीं। आंदोलन के अंतिम दिन काला दिवस मनाकर उन्होंने अपनी मांगों की ओर शासन का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की।

नियमितीकरण और 30 हजार रुपये मानदेय की मांग

आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण कर शासकीय कर्मचारी का दर्जा देना और मासिक मानदेय बढ़ाकर 30 हजार रुपये करना शामिल है। इसके अलावा फाइव-जी मोबाइल उपलब्ध कराने, इंटरनेट भत्ता बढ़ाकर 500 रुपये करने तथा पदोन्नति की व्यवस्था लागू करने की मांग भी उठाई गई है।

दिसंबर में प्रांतीय महापड़ाव की चेतावनी

कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं होने की स्थिति में 11 और 12 दिसंबर को प्रांतीय महापड़ाव आयोजित किया जाएगा। इसके बाद भी समाधान नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता अपनाने की बात कही गई है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर शासन का ध्यान आकर्षित कर रही हैं। अब उनकी नजर सरकार के अगले कदम पर है।

Show More
भीम तिवारी

भीम तिवारी

प्रधान संपादक
Back to top button