
रायगढ़, 3 फरवरी 2026। राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर पुलिस को देखकर भाग रही एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन अमलीभौना स्थित HP पेट्रोल पंप के सामने अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन से डीजल चोरी में उपयोग होने वाले औजार और फर्जी नंबर प्लेट बरामद की गई है। पुलिस को इस घटना के पीछे डीजल चोरी गिरोह की संलिप्तता की आशंका है।
गश्त के दौरान संदिग्ध वाहन पर नजर
एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी एवं एसडीओपी खरसिया प्रभात कुमार पटेल द्वारा रात्रि गश्त के दौरान हाईवे और अंदरूनी मार्गों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए थे। इसी दौरान भोर में खरसिया से रायगढ़ की ओर जा रही सफेद रंग की स्कॉर्पियो पुलिस टीम को देखकर तेज रफ्तार में भागने लगी।
नियंत्रण खोने से पलटा वाहन
पुलिस द्वारा चेकिंग के निर्देश दिए जाने के बाद तेज गति के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो अमलीभौना हाईवे रोड पर पलट गई। घटना की सूचना पर जूटमिल पुलिस मौके पर पहुंची।
वाहन से क्या-क्या बरामद हुआ
पुलिस जांच में स्कॉर्पियो का रजिस्ट्रेशन नंबर CG-04-BT-0664 और इंजन नंबर IS-4G79712 पाया गया, जबकि वाहन के भीतर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। तलाशी में लगभग 10 लीटर डीजल, 2 मीटर लंबी प्लास्टिक पाइप, लोहे का सब्बल, एक अतिरिक्त फर्जी नंबर प्लेट CG-12-BT-6416 और बिना सिम के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
कानूनी कार्रवाई और जांच
जूटमिल पुलिस ने संदिग्ध अवैध गतिविधि की आशंका पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत वाहन जब्त कर लिया है। फरार चालक और वाहन मालिक की पहचान के लिए जांच जारी है।








