नाबालिग का गर्भपात कराने और भ्रूण अरपा नदी में फेंकने के आरोप में महिला डॉक्टर गिरफ्तार

पुलिस विवेचना में खुलासा, पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद कराया था गर्भपात; अपराध की सूचना पुलिस को नहीं देने का भी आरोप
बिलासपुर। नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म और गर्भपात के गंभीर मामले में तोरवा पुलिस ने एक महिला डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि डॉक्टर ने पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद उसका गर्भपात कराया और इसके बाद भ्रूण को महत्वपूर्ण साक्ष्य जानते हुए अरपा नदी में नष्ट कर दिया। इतना ही नहीं, नाबालिग के साथ घटित अपराध की जानकारी पुलिस को भी नहीं दी गई। पुलिस ने आरोपी महिला डॉक्टर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले में बुधवारी तोरवा निवासी गणेश सोनी (30 वर्ष) पर नाबालिग पीड़िता को शादी का झांसा देकर दिसंबर 2023 से लगातार शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है। इसी दौरान पीड़िता गर्भवती हो गई। आरोप है कि गणेश सोनी ने अस्पताल में महिला डॉक्टर की मदद से उसका गर्भपात कराया। इस मामले में पुलिस पूर्व में गणेश सोनी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है।
विवेचना में सामने आई डॉक्टर की भूमिका
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपियों की पतासाजी और वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में तोरवा पुलिस मामले की विवेचना कर रही थी। इसी दौरान महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह (43 वर्ष), निवासी आयुष्मान होटल के पास उसलापुर, की भूमिका सामने आई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और विवेचना में ऐसे महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले, जिनसे पता चला कि डॉक्टर को पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी थी। इसके बावजूद उसने गर्भपात कराया। गर्भपात के बाद भ्रूण को साक्ष्य मानते हुए अरपा नदी में नष्ट करने तथा घटना की जानकारी पुलिस को नहीं देने के आरोप भी सामने आए।
पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह को 13 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध अपराध क्रमांक 551/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1), 351(3), 89, 238, 3(5) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2), 5(ठ), 6 एवं 21 के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
नाबालिग पीड़िता से जुड़े इस गंभीर प्रकरण में महिला डॉक्टर की गिरफ्तारी के बाद अब गर्भपात की परिस्थितियों, भ्रूण को नष्ट किए जाने और साक्ष्य छिपाने से जुड़े पहलुओं को लेकर पुलिस विवेचना महत्वपूर्ण हो गई है।
संबंधित खबरें: नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में अदालत का फैसला | नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी की गिरफ्तारी

