
छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत, कांग्रेस को करारा झटका
भाजपा ने 10 नगर निगमों में लहराया परचम, 36 नगरपालिकाओं और 84 नगर पंचायतों पर कब्जा
छत्तीसगढ़ में संपन्न हुए नगरीय निकाय चुनावों के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। भाजपा ने प्रदेश के सभी 10 नगर निगमों में जीत दर्ज की, जबकि 49 नगरपालिकाओं में से 36 पर अपना परचम लहराया। कांग्रेस को केवल 8 सीटों पर संतोष करना पड़ा, जबकि 5 सीटें अन्य दलों के खाते में गईं। वहीं, 114 नगर पंचायतों में से 84 पर भाजपा ने जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस को 20 सीटें मिलीं। शेष सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों और अन्य दलों ने जीत हासिल की।
जेपी नड्डा ने दी बधाई, कहा- यह जीत जनता के विश्वास की मिसाल
चुनाव परिणाम आने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक विजय प्रदेशवासियों के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन-कल्याणकारी और जनजातीय-हितैषी योजनाओं पर अटूट विश्वास को दर्शाती है।”
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया आभार, जनता को समर्पित की जीत
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, “यह ऐतिहासिक जनादेश भाजपा सरकार में प्रदेशवासियों के विश्वास का प्रमाण है। हमारे कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और सरकार की जन-हितैषी नीतियों का यह परिणाम है। हम जनआकांक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।”
प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कार्यकर्ताओं को सराहा
प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा, “यह जीत प्रदेश की जनता, वरिष्ठ नेताओं और कर्मठ कार्यकर्ताओं के समर्थन और विश्वास का परिणाम है। हम इस भरोसे को और मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।”
भाजपा की जीत के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह, विकास पर रहेगा फोकस
छत्तीसगढ़ निकाय चुनाव में इस ऐतिहासिक जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। पार्टी की आगामी रणनीति अब प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की होगी।