
29 मई से 12 जून तक चलेगा जागरूकता अभियान, गांव-गांव पहुंचकर किसानों को दी जाएगी उन्नत कृषि की जानकारी
रायगढ़। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बुधवार को ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विशेष रूप से सुसज्जित प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 29 मई से प्रारंभ होकर 12 जून तक जिले भर के ग्रामीण अंचलों में संचालित किया जाएगा।
यह संयुक्त अभियान केंद्र सरकार के कृषि मंत्रालय और राज्य शासन के कृषि विभाग द्वारा चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य किसानों को उन्नत, टिकाऊ और जैविक खेती की तकनीकों के प्रति जागरूक करना है। प्रचार वाहन गांव-गांव जाकर किसानों से संपर्क करेंगे और उन्हें उन्नत कृषि पद्धतियों की जानकारी देंगे।
इस दौरान कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) के वैज्ञानिक और विभागीय अधिकारी किसानों से प्रत्यक्ष संवाद करेंगे, ताकि वे वैज्ञानिक तरीके से खेती कर बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर उप संचालक कृषि पी.डी. हथेस्वर, उप संचालक मछली पालन महीश्वर, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अरुण त्रिपाठी, उप संचालक उद्यानिकी श्री लौतरे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने उम्मीद जताई कि यह अभियान किसानों की आमदनी बढ़ाने और कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध होगा।