
मतदाता जागरूकता के लिए 600 से अधिक निगम कर्मचारियों ने बनाई मानव श्रृंखला
नटवर स्कूल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में दिलाई गई शपथ, मतदान के प्रति किया प्रेरित
रायगढ़, 7 फरवरी 2025: आगामी नगरीय निकाय चुनाव में अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज सुबह 7 बजे रायगढ़ में एक भव्य मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्तिकेया गोयल के निर्देशन और निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय के नेतृत्व में 600 से अधिक निगम कर्मचारियों ने नटवर स्कूल मैदान में ‘जाबो रायगढ़-2025’ थीम पर विशाल मानव श्रृंखला बनाकर मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
मतदान के प्रति उत्साह बढ़ाने का प्रयास
जिले में 11 फरवरी 2025 को होने वाले मतदान के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम लगातार जागरूकता कार्यक्रम चला रहे हैं। इस कड़ी में आयोजित मानव श्रृंखला ने लोगों को अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। निगम कर्मचारियों द्वारा बनाई गई आकर्षक श्रृंखला को देखकर उपस्थित लोगों ने सराहना की और मतदान के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।
शपथ लेकर दिया जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को शपथ दिलाई कि वे स्वयं मतदान करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। इस अवसर पर एसएलआरएम सेंटर के सुपरवाइजर और स्वच्छता दीदियों की भी अहम भागीदारी रही।
प्रमुख अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में डिप्टी कमिश्नर सुतीक्षण यादव, सहायक अभियंता सूरज देवांगन, उप अभियंता मुन्ना ओझा सहित निगम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने मतदाता जागरूकता के इस प्रयास को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।