रायगढ़ में धान खरीदी ने पकड़ी रफ्तार, अब तक 2.96 लाख मीट्रिक टन की खरीदी

105 उपार्जन केंद्रों पर सुचारू व्यवस्था, 48 हजार से ज्यादा किसान लाभान्वित

रायगढ़, 6 जनवरी 2026।
जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य शासन के निर्देशानुसार पूरी पारदर्शिता और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा रहा है। रायगढ़ जिले के 105 उपार्जन केंद्रों में किसानों से लगातार धान की खरीदी हो रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक माहौल बना हुआ है।

अब तक जिले में 48 हजार से अधिक किसानों ने समर्थन मूल्य पर अपने धान का विक्रय किया है। कुल मिलाकर 2,96,701.92 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। इसमें 2,21,612.04 मीट्रिक टन मोटा धान तथा 75,089.88 मीट्रिक टन सरना धान शामिल है।

धान खरीदी के साथ-साथ उठाव की प्रक्रिया भी तेज गति से जारी है। खरीदे गए धान में से 2,69,143.20 मीट्रिक टन धान के लिए मिलर्स को डीओ जारी किया गया है, जिसमें से अब तक 1,64,294.10 मीट्रिक टन धान का उठाव किया जा चुका है। इससे उपार्जन केंद्रों में भंडारण की स्थिति संतुलित बनी हुई है।

कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने धान खरीदी से जुड़े अधिकारियों को उपार्जन केंद्रों की नियमित और सख्त निगरानी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि कोई भी पात्र किसान धान बेचने से वंचित न रहे और खरीदी प्रक्रिया पूरी संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न हो। साथ ही कोचियों और बिचौलियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि अवैध धान खपाने की किसी भी कोशिश को रोका जा सके।

कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले के सभी एसडीएम और नोडल अधिकारी उपार्जन केंद्रों का सतत निरीक्षण कर रहे हैं तथा किसानों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उल्लेखनीय है कि शासन द्वारा धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है। किसानों की बढ़ती सहभागिता को देखते हुए प्रशासन ने सभी उपार्जन केंद्रों में व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी पात्र किसानों का धान समय पर खरीदा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button