रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर में दीपावली की रात पटाखे फोड़ने को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। इस मामले में युवक के घर में घुसकर मारपीट करने और उसे जबरन कार में बैठाकर ले जाने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी अरुण शर्मा (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने दबाव बढ़ने के बाद न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। पूछताछ के बाद घटना में इस्तेमाल की गई सफेद ऑल्टो कार सहित अन्य सामान जब्त किया गया है।
पटाखे फोड़ने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, हण्डी चौक निवासी निमिश अग्रवाल (18 वर्ष) ने 9 नवंबर 2026 को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 8 नवंबर की रात करीब 11 बजे वह अपने साथी आकर्ष शर्मा के साथ सिग्नल चौक के पास पटाखे फोड़ रहा था।
इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों ने टिप्पणी करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हनी अग्रवाल और अरुण शर्मा पर निमिश के साथ मारपीट करने का आरोप है। बीच-बचाव करने पहुंचे आकर्ष शर्मा के सिर पर भी स्टील के कड़े से वार कर चोट पहुंचाने की बात शिकायत में कही गई है।
घर में घुसकर मारपीट और कार से ले जाने का आरोप
रिपोर्ट के अनुसार, 9 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल, लक्ष्य शुक्ला और दीप अग्रवाल सफेद ऑल्टो कार से निमिश के घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने घर में जबरन प्रवेश कर उसके साथ मारपीट की।
शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपियों ने निमिश को कार में बैठाकर बोईरदादर स्टेडियम के आगे एचपी गैस एजेंसी के पास ले जाकर फिर मारपीट की। इसके बाद उसे हण्डी चौक के पास छोड़कर आरोपी वहां से चले गए। घटना का वीडियो बनाए जाने की बात भी पुलिस को दी गई शिकायत में सामने आई है।
एक आरोपी पहले गिरफ्तार, मुख्य आरोपी ने किया आत्मसमर्पण
मामले में कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 660/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने 12 नवंबर को आरोपी दीप अग्रवाल (26 वर्ष), निवासी विकास नगर, कोतरारोड़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा था।
वहीं, फरार चल रहे अरुण शर्मा ने पुलिस की लगातार कार्रवाई के बीच न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने न्यायालय से उसका एक दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त कर पूछताछ की।
कार और अन्य सामान जब्त
पुलिस के अनुसार, पूछताछ और जब्ती की कार्रवाई के दौरान घटना में इस्तेमाल की गई सफेद ऑल्टो कार क्रमांक CG 13 AS 1381, एक मोबाइल फोन, स्टील का कड़ा और जूता जब्त किया गया है। कार्रवाई के बाद आरोपी को दोबारा न्यायालय में पेश किया गया और जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरुण शर्मा पिता सोमवीर शर्मा, उम्र 20 वर्ष, निवासी गजानंदपुरम कॉलोनी, रायगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन और पुलिस स्टाफ की भूमिका रही।
संबंधित खबर: रायगढ़: घर में घुसकर युवक से मारपीट और अपहरण का आरोप, एक आरोपी गिरफ्तार