तमनार थाना क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात एक महिला पुलिसकर्मी पर जानलेवा हमला और लज्जाभंग करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड समाप्त होने पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी करम सिंह राठिया उर्फ मंगल राठिया (पिता श्याम सुंदर राठिया), उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम आमगांव थाना तमनार और चिनेश खम्हारी उर्फ कुनू (पिता कृष्णचंद खम्हारी), उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम कोलतापारा आमगांव थाना तमनार ने महिला पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता करते हुए उस पर जानलेवा हमला किया था।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तमनार पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस रिमांड के दौरान आवश्यक जांच और पूछताछ पूरी करने के बाद आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




