आरटीओ चेकिंग में मारपीट के आरोप से भड़के ट्रक ड्राइवर, NH-30 पर चक्काजाम; 3 घंटे बाद अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन
बालोद, 23 अगस्त 2026। जिले में आरटीओ चेकिंग को लेकर ट्रक चालकों का आक्रोश रविवार को सड़क पर देखने को मिला। ग्राम मुजालगोंदी के पास नेशनल हाईवे-30 पर बड़ी संख्या में ट्रक चालकों ने अपने वाहन सड़क पर खड़े कर चक्काजाम कर दिया। इससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित रहा।
ट्रक चालकों ने आरोप लगाया कि चेकिंग के दौरान परिवहन विभाग से जुड़े एक अधिकारी ने एक चालक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। चालकों का यह भी आरोप है कि अधिकारी ट्रक में लोड सामान से संबंधित बिल्टी अपने साथ ले गए। घटना की जानकारी अन्य चालकों को मिलने के बाद उन्होंने विरोध शुरू कर दिया।
सुबह 9 बजे हाईवे पर शुरू हुआ प्रदर्शन
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 9 बजे ट्रक चालकों ने मुजालगोंदी के पास NH-30 पर अपने वाहन खड़े कर दिए। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित अधिकारी से कथित दुर्व्यवहार के लिए माफी मांगने और चेकिंग के दौरान कथित अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग की।
चक्काजाम की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे ट्रक चालकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जाम समाप्त कराने का प्रयास किया।
एसपी के नाम ज्ञापन सौंपने के बाद खत्म किया चक्काजाम
ट्रक चालकों और हेल्परों ने कहा कि उनका प्रदर्शन अपने साथ हुई कथित ज्यादती के खिलाफ न्याय की मांग को लेकर है। काफी देर तक हुई बातचीत के बाद प्रदर्शनकारियों ने एसपी के नाम ज्ञापन सौंपा।
इसके बाद करीब दोपहर 12 बजे चक्काजाम समाप्त किया गया और हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका।
फिलहाल ट्रक चालकों द्वारा परिवहन विभाग के अधिकारी पर लगाए गए आरोपों को पुलिस के संज्ञान में लिया गया है। मामले में जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।











