छत्तीसगढ़ में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, अगले 24 घंटे में पूरे प्रदेश को कवर करने की संभावना

रायपुर। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने छत्तीसगढ़ में रफ्तार पकड़ ली है। मानसून प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों तक पहुंच चुका है, जबकि मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में उत्तर और उत्तर-पश्चिम के शेष जिलों में भी इसके पहुंचने की संभावना जताई है। विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। दंतेवाड़ा और रायगढ़ में भारी वर्षा हुई। इसके बावजूद बिलासपुर 39 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हालांकि इस वर्ष मानसून सामान्य से करीब सात दिन की देरी से छत्तीसगढ़ पहुंचा है। इसका असर वर्षा के आंकड़ों पर भी दिखाई दे रहा है। एक जून से अब तक प्रदेश में सामान्यतः 127.8 मिमी वर्षा होनी चाहिए थी, जबकि अब तक केवल 44.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

18 जिलों में पहुंच चुका है मानसून

मौसम विभाग के अनुसार रायपुर, दुर्ग, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर में मानसून सक्रिय हो चुका है।

वहीं सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, एमसीबी, जशपुर, कोरबा, जीपीएम, बिलासपुर, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और रायगढ़ जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान मानसून के प्रवेश की संभावना जताई गई है।

कई जिलों में सामान्य से काफी कम बारिश

मानसून सक्रिय होने के बावजूद प्रदेश के अधिकांश जिलों में सामान्य से कम वर्षा हुई है। बस्तर जिले में 48 प्रतिशत, दंतेवाड़ा और सुकमा में 54 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।

मध्य छत्तीसगढ़ में रायपुर में 72 प्रतिशत, धमतरी और दुर्ग में भी सामान्य से काफी कम वर्षा हुई है। राजनांदगांव में सबसे गंभीर स्थिति रही, जहां सामान्य के मुकाबले 92 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 95 प्रतिशत तथा बलौदाबाजार, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सक्ती में 83 प्रतिशत तक वर्षा की कमी दर्ज की गई है।

खरीफ सीजन के लिए अगले दिन अहम

मौसम विभाग का कहना है कि मानसून की देरी और कम वर्षा के कारण कई जिलों में अभी बुवाई के लिए पर्याप्त नमी नहीं बन पाई है। हालांकि अगले पांच दिनों तक बारिश की संभावना बनी हुई है। यदि जून के शेष दिनों में अच्छी वर्षा होती है तो बारिश की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है और खरीफ फसलों की बुवाई को गति मिलेगी।

रायपुर में बारिश के आसार

मौसम विभाग ने रायपुर में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Back to top button