
तमिलनाडु में थलपति विजय आज लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, 29 साल की कीर्तना समेत 9 विधायक होंगे मंत्री
चेन्नई: तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद मुख्यमंत्री के नाम को लेकर बनी अटकलों के बीच थलपति विजय आज सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। यह शपथ ग्रहण समारोह चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में आयोजित होगा।
विजय की पार्टी ने VCK और IUML के समर्थन के बाद सरकार बनाने की तैयारी पूरी कर ली है। शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी मौजूद रहेंगे। प्रोटोकॉल के अनुसार, तमिलनाडु के वर्तमान मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन को भी समारोह में शामिल होने का न्योता भेजा गया है।
गौरतलब है कि पहले विजय 3:45 बजे शपथ ग्रहण करने वाले थे, लेकिन उनके एस्ट्रोलॉजर ने सुबह 10 बजे शपथ लेने की सलाह दी।
9 मई को विजय ने लोक भवन में राज्यपाल से मुलाकात कर अपनी पार्टी की जीत की जानकारी दी। इसके बाद राज्यपाल ने उन्हें मुख्यमंत्री नियुक्त किया और 13 मई 2026 तक या उससे पहले विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने का निर्देश दिया।
विजय के पिता और फिल्म निर्देशक एस.ए. चंद्रशेखर ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “मैं खुश हूं। मैं जो कुछ भी कर रहा हूं, सिर्फ अपने बेटे के लिए कर रहा हूं। आखिरकार, विजय के जरिए तमिल लोगों को सफलता मिली है।”


