नाले के कटाव से सड़क पर मंडरा रहा हादसे का खतरा, जिम्मेदार बेखबर

बलौदाबाजार,
फागूलाल रात्रे, लवन।
चिचिरदा चौगड्डा से चिचिरदा पहुंच मार्ग पर नाले के किनारे सड़क का लगातार कटाव होने से राहगीरों के लिए खतरा बढ़ता जा रहा है। सड़क का एक हिस्सा कटकर कमजोर हो गया है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। इसके बावजूद पीएमजीएसवाई विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों का इस गंभीर समस्या की ओर अब तक ध्यान नहीं गया है।
जानकारी के अनुसार, उक्त सड़क मार्ग के किनारे बहने वाले नाले के कारण मिट्टी का कटाव लगातार बढ़ रहा है। इससे सड़क का किनारा कमजोर होकर क्षतिग्रस्त होता जा रहा है। स्थिति ऐसी है कि सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को थोड़ी सी असावधानी भी भारी पड़ सकती है। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थान काफी जोखिम भरा साबित हो सकता है। दिन के उजाले में सड़क का कटाव और गड्ढा दिखाई देने के कारण वाहन चालक किसी तरह सावधानी बरतकर वहां से निकल जाते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में यह खतरा और भी बढ़ जाता है। पर्याप्त रोशनी एवं सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से राहगीरों को सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से का अंदाजा लगाना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में किसी भी समय गंभीर दुर्घटना होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय लोगों एवं राहगीरों की चिंता है कि यदि समय रहते सड़क के कटाव पर रोक लगाने के लिए आवश्यक मरम्मत कार्य नहीं कराया गया, तो स्थिति और भी भयावह हो सकती है। सड़क का लगातार कमजोर होना भविष्य में आवागमन के लिए बड़ी परेशानी खड़ी कर सकता है। अब जरूरत है कि पीएमजीएसवाई विभाग के अधिकारी इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल स्थल का निरीक्षण करें और सड़क के कटाव को रोकने के लिए स्थायी मरम्मत एवं सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करें। साथ ही, दुर्घटना की आशंका को देखते हुए तत्काल चेतावनी संकेतक भी लगाए जाएं, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। समय रहते ध्यान देना जरूरी है, ताकि चिचिरदा मार्ग से आवागमन करने वाले आम नागरिक सुरक्षित यात्रा कर सकें।
Back to top button