फर्जी ट्रांसफर आदेश से स्वास्थ्य विभाग में हेराफेरी का खुलासा, ग्रामीण चिकित्सा सहायक समेत 6 गिरफ्तार; दो और आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
बलौदाबाजार-भाटापारा, 23 अगस्त 2026। स्वास्थ्य विभाग में फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार करने और शासकीय दस्तावेजों में कूटरचना कर धोखाधड़ी करने के मामले में पलारी पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है, जिनमें एक ग्रामीण चिकित्सा सहायक भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में थाना पलारी में अपराध क्रमांक 347/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 318(4), 336(3), 337, 338, 340(2) और 3(5) के तहत जांच शुरू की गई थी।
जांच आगे बढ़ी तो सामने आए दो और नाम
पुलिस के मुताबिक फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार करने के मामले में 22 अगस्त को ग्रामीण चिकित्सा सहायक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों और मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 23 अगस्त को दो और संदिग्धों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परख कश्यप (36), निवासी सिविल लाइन बलौदाबाजार और प्रणव अवस्थी (30), निवासी ग्राम रिसदा, गांधी चौक के रूप में हुई है।
पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया में जुटी है।
फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले नेटवर्क की जांच जारी
पलारी पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना अभी जारी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार करने और शासकीय दस्तावेजों में कूटरचना के पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।











