रायगढ़ में 23 सितंबर को निःशुल्क भाषा शिक्षण कार्यक्रम, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे शुभारंभ

रायगढ़। ब्रह्म संवारो फाउंडेशन के तत्वावधान में 23 सितंबर 2026 को रायगढ़ के अग्रोहा धाम, जिंदल रोड में निःशुल्क भाषा शिक्षण कार्यक्रम और कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन शाम 3 बजे से 5 बजे तक किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और उनके द्वारा भाषा शिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता वित्त मंत्री ओपी चौधरी करेंगे।

भाषा शिक्षण पर विशेषज्ञ रखेंगे विचार

आयोजकों के मुताबिक कार्यक्रम का उद्देश्य हिंदी, संस्कृत और अंग्रेजी भाषा के अध्ययन-अध्यापन को बढ़ावा देना और युवाओं में भाषायी दक्षता विकसित करना है। कार्यक्रम में भाषा शिक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं, मौजूदा चुनौतियों और संभावनाओं पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे।

कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग एवं थावे विद्यापीठ, गोपालगंज के कुलपति डॉ. विनय कुमार पाठक, शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़ के कुलपति डॉ. विनय चौहान, ओपी जिंदल विश्वविद्यालय रायगढ़ के कुलपति डॉ. आरडी पाटीदार सहित विभिन्न शिक्षाविद् और साहित्यकार मौजूद रहेंगे।

इसके अलावा विश्वविद्यालय के कुल सचिव डॉ. तरुणधर दीवान, रामदास द्रौपदी फाउंडेशन के चेयरमैन सुनील रामदास, समाजसेवी सुनील अग्रवाल लेंध्रा और छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष राहुल अग्रवाल भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

हिंदी, संस्कृत और अंग्रेजी पर होगी चर्चा

कार्यक्रम में भाषाविद् एवं संस्कृत आचार्य धनञ्जयः शास्त्री जातवेदाः, शिक्षाविद् एवं हिंदी विषय विशेषज्ञ प्रकाश शर्मा, हिंदी पत्रकार एवं समिति अध्यक्ष भानु प्रताप मिश्र, अंग्रेजी भाषा के पत्रकार एवं प्रोफेसर डॉ. विभाष झा और ओपी जिंदल विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. संजय सिंह भी अपनी बात रखेंगे।

कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षाविद् एवं हिंदी विषय विशेषज्ञ प्रकाश शर्मा करेंगे। आयोजन समिति के अध्यक्ष भानु प्रताप मिश्र के साथ संरक्षक देवप्रकाश पाण्डेय, अनिल दुबे और समिति के सदस्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे।

भाषा शिक्षण के बाद होगा कवि सम्मेलन

भाषा शिक्षण कार्यक्रम के समापन के बाद कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से आमंत्रित कवि और साहित्यकार अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे।

कवि सम्मेलन में हास्य, वीर, श्रृंगार, ओज और समसामयिक विषयों पर आधारित रचनाएं प्रस्तुत की जाएंगी।

आयोजकों ने विद्यार्थियों, शिक्षकों, साहित्यकारों, भाषा प्रेमियों और आम नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

Back to top button