रायगढ़ में नवरात्रि-दशहरा पर पुलिस अलर्ट, गरबा-डांडिया में सादी वर्दी में तैनात रहेंगे जवान

रायगढ़। नवरात्रि, दुर्गा उत्सव और दशहरा के दौरान रायगढ़ जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट रहेगी। दुर्गा पंडालों, गरबा-डांडिया आयोजनों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। असामाजिक तत्वों और बदमाशों पर नजर रखने के लिए सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। वहीं, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और भ्रामक सामग्री प्रसारित कर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों, प्रशिक्षु उप निरीक्षकों और शाखा प्रमुखों को इस संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन में शांति और सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।

दुर्गा पंडालों और गरबा आयोजनों की होगी निगरानी

एसएसपी ने सभी थाना-चौकी प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में दुर्गा पंडालों, गरबा-डांडिया कार्यक्रमों, दशहरा उत्सव और अन्य बड़े आयोजनों की जानकारी जुटाकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा है। पुलिस का सूचना तंत्र मजबूत रखने और आयोजन समितियों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

आयोजन समितियों को रात के समय सुरक्षा के लिए वॉलंटियर तैनात करने और पंडालों की नियमित निगरानी करने को कहा गया है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत आयोजन की पूर्व सूचना नहीं देने वाली समितियों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

सादी वर्दी में तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी

गरबा-डांडिया समेत भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों में असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादी वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। शहर और संवेदनशील इलाकों में देर रात तक पेट्रोलिंग की जाएगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सुरक्षा संबंधी जानकारी मिलने पर पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 9479193299 अथवा डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस अधिकारियों ने प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई

त्योहारी आयोजनों के दौरान सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी और अफवाहों के जरिए माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर पुलिस नजर रखेगी। एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

इसके अलावा बदमाशों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा जरूरत के अनुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने को कहा गया है। पुलिस को लघु अधिनियमों के तहत कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए बनेंगी विशेष टीमें

अपराध समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने पुलिस मुख्यालय की ओर से फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान की जानकारी दी। इस दौरान थाना और जिला स्तर पर विशेष टीमें गठित कर फरार वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने लंबित वारंटों के निष्पादन को प्राथमिकता देने और पुराने मामलों के निराकरण में तेजी लाने पर जोर दिया। वर्ष 2025 से पहले के लंबित अपराधों की समीक्षा करते हुए उन्होंने ऐसे मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने को कहा। नए आपराधिक कानूनों के तहत निर्धारित 60 और 90 दिनों की समय-सीमा में विवेचना पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।

प्रेशर हॉर्न, तीन सवारी और तेज रफ्तार पर कार्रवाई

नवरात्रि और दशहरा के दौरान शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात पुष्पेंद्र बघेल को आयोजन स्थलों और भीड़भाड़ वाले मार्गों के लिए यातायात प्रबंधन की योजना तैयार करने तथा जरूरत के अनुसार पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।

थाना प्रभारियों को प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रतिदिन कार्रवाई करने को कहा गया है। पुलिस का कहना है कि त्योहारी सीजन में सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और अपराध नियंत्रण के लिए निगरानी एवं कार्रवाई जारी रहेगी।

Back to top button