होटल की दीवार से टकराई तेज रफ्तार बाइक, एक युवक की मौत; दूसरा गंभीर घायल
कोरबा। जिले के अमलडीहा क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक अनियंत्रित मोटरसाइकिल सड़क किनारे स्थित होटल की दीवार से जा टकराई। भीषण हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक अमरकंटक से जमनीपाली की ओर जा रहे थे। अमलडीहा के पास पहुंचते ही बाइक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार होने के कारण मोटरसाइकिल सीधे सड़क किनारे स्थित श्याम होटल की दीवार से जा भिड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में एक युवक को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि मृतक और घायल युवक की पहचान की प्रक्रिया जारी है। मामले में मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।




