बढ़ी हुई बिजली दरों और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस ने किया विद्युत विभाग कार्यालय का घेराव

भाजपा सरकार पर महंगाई बढ़ाने और जनता पर आर्थिक बोझ डालने का आरोप

रायगढ़। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान एवं निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ द्वारा गुरुवार को विद्युत विभाग कार्यालय का घेराव किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेने की मांग की।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि भाजपा की विष्णुदेव साय सरकार जनविरोधी और दमनकारी नीतियों पर कार्य कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अब तक पांच बार बिजली दरों में वृद्धि कर आम जनता, किसानों, व्यापारियों और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है।

उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच बिजली दरों में वृद्धि से लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं। कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करती है और सरकार से तत्काल बढ़ी हुई दरों को वापस लेने की मांग करती है।

प्रदर्शन के दौरान शाखा यादव ने स्मार्ट मीटर का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के कर्मचारी आम उपभोक्ताओं पर स्मार्ट मीटर लगाने का दबाव बना रहे हैं, जबकि उच्च न्यायालय ने स्पष्ट किया है कि किसी भी उपभोक्ता को स्मार्ट मीटर लगाने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता।

उन्होंने दावा किया कि जिन उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, उनके बिजली बिल पहले की तुलना में काफी अधिक आ रहे हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां स्मार्ट मीटर को लेकर पुनर्विचार किया जा रहा है, तो छत्तीसगढ़ में इसे जबरन लागू करने का कोई औचित्य नहीं है।

कांग्रेस नेताओं ने सरकार से बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेने, स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाने तथा आम जनता को राहत देने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनता के हित में निर्णय नहीं लिया तो कांग्रेस कार्यकर्ता जिले के प्रत्येक बूथ स्तर तक आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आम जनता के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी लिया।

Back to top button