मनरेगा का नाम बदलने पर कांग्रेस का विरोध महज़ नौटंकी : विकास केडिया

भाजपा महामंत्री ने कहा— सत्ता में रहते भूपेश सरकार ने बदले थे आधा दर्जन योजनाओं के नाम

प्रधानमंत्री मोदी महात्मा गांधी के सपने को कर रहे साकार

रायगढ़। मनरेगा के नाम परिवर्तन को लेकर कांग्रेस द्वारा किए गए एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा पलटवार किया है। भाजपा के महामंत्री विकास केडिया ने कांग्रेस के विरोध को “राजनीतिक नौटंकी” बताते हुए कहा कि नाम बदलने पर आपत्ति जताने वाली कांग्रेस को पहले अपने शासनकाल का जवाब देना चाहिए।

विकास केडिया ने कहा कि यदि योजनाओं के नाम बदलने से कांग्रेस को इतनी ही पीड़ा है, तो भूपेश सरकार के कार्यकाल में दीनदयाल उपाध्याय स्वावलंबन योजना का नाम बदलकर राजीव गांधी स्वावलंबन योजना, दीनदयाल उपाध्याय सर्व समाज मांगलिक भवन योजना का नाम बदलकर डॉ. बी.आर. अंबेडकर सर्व समाज मांगलिक भवन योजना, दीनदयाल उपाध्याय एलईडी पथ प्रकाश योजना को इंदिरा प्रियदर्शनी एलईडी पथ प्रकाश योजना, दीनदयाल उपाध्याय आजीविका केंद्र को राजीव गांधी आजीविका केंद्र तथा दीनदयाल उपाध्याय शुद्ध पेयजल योजना को इंदिरा प्रियदर्शनी शुद्ध पेयजल योजना क्यों किया गया—इसका जवाब कांग्रेस को जनता को देना चाहिए।

भाजपा महामंत्री ने कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश में आज भी नेहरू-गांधी परिवार के नाम पर 415 से अधिक योजनाएं, संस्थान, सड़कें, इमारतें, पुरस्कार, अस्पताल, स्कॉलरशिप, एयरपोर्ट, नेशनल पार्क और बंदरगाह चल रहे हैं। यह कांग्रेस की परिवारवादी सोच को दर्शाता है।

विकास केडिया ने कहा कि आज़ादी के बाद महात्मा गांधी ने स्वयं कहा था कि आज़ादी का उद्देश्य पूरा हो चुका है और कांग्रेस को समाप्त कर देना चाहिए, लेकिन नेहरू-इंदिरा ने कांग्रेस को सत्ता में बने रहने का माध्यम बना लिया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महात्मा गांधी के उस विचार को व्यवहार में उतार रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता इतिहास की बात करने पर वर्तमान की चर्चा की दुहाई देते हैं, जबकि स्वयं सत्ता पाने के लिए महात्मा गांधी के नाम का राजनीतिक दुरुपयोग करते रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी किसी की कृपा से नहीं, बल्कि देश की जनता के भरोसे प्रधानमंत्री बने हैं।

विकास केडिया ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों से जनता का मोहभंग हो चुका है, यही कारण है कि देश के अधिकांश राज्यों में जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया है। छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय सरकार के कुशल नेतृत्व और रायगढ़ विधायक एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी के सशक्त वित्तीय प्रबंधन से कांग्रेस बौखला गई है और स्तरहीन राजनीति पर उतर आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button