
रायगढ़। जिले में धान के अवैध भंडारण और समर्थन मूल्य पर पुराना धान बेचने की कोशिशों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन की सख्ती जारी है। कलेक्टर के निर्देश पर सोमवार को राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग जगहों पर जांच कर कुल 146 क्विंटल से अधिक धान जब्त किया।
तमनार के गोदाम में 140 क्विंटल धान मिला
घरघोड़ा के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के मार्गदर्शन में टीम तमनार क्षेत्र के ग्राम कसडोल पहुंची और वहां एक दुकान सह गोदाम की जांच की। यहां नियम के विरुद्ध रखी गई 350 बोरी धान मिली, जिसका वजन करीब 140 क्विंटल है। टीम ने मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत पूरा स्टॉक जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
लिप्ती समिति में किसान के धान में निकला पुराना स्टॉक
दूसरी कार्रवाई सेवा सहकारी समिति लिप्ती के खरीदी केंद्र में हुई। यहां गोलाबुड़ा गांव का एक किसान 113 बोरी धान बेचने लाया था। जांच में इनमें से 17 बोरी धान ग्रीष्मकालीन फसल का यानी पुराना निकला। गुणवत्ता मानकों पर खरा न उतरने के कारण इसे खरीदी के लिए स्वीकार नहीं किया गया। समिति प्रबंधक, फड़ प्रभारी और मौजूद किसानों की उपस्थिति में पंचनामा बनाया गया। इसके बाद उप संचालक कृषि ने 17 बोरी धान जब्त कर उसे समिति के परिसर में सुरक्षित रखवा दिया।
जिले में अब तक 2528 क्विंटल धान जब्त
प्रशासन के अनुसार जिले में अब तक अलग-अलग मामलों में कुल 2528 क्विंटल धान जब्त किया जा चुका है। इन सभी में छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है। अधिकारी खरीदी केंद्रों और भंडारण स्थलों की लगातार निगरानी कर रहे हैं, ताकि समर्थन मूल्य पर खरीदी में किसी तरह की गड़बड़ी न हो और व्यवस्था पारदर्शी बनी रहे।
यह भी पढ़ें: रायगढ़ में अवैध धान भंडारण पर कार्रवाई, 66.80 क्विंटल धान जब्त | लैलूंगा में दो गोदामों से 965 कट्टा धान जब्त