रायगढ़ : अग्रोहा स्टील में गर्म राख से मजदूर की मौत, कंपनी प्रबंधक समेत दो पर मामला दर्ज

रायगढ़ । छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के ग्राम पाली स्थित अग्रोहा स्टील एंड पावर लिमिटेड में गर्म राख से झुलसने से 20 वर्षीय मजदूर उमेश चौहान की मौत हो गई। औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग ने जांच के बाद कंपनी के मैनेजर और एक अन्य के खिलाफ श्रम न्यायालय में मामला दर्ज कराया है।

विभाग के उप संचालक राहुल पटेल ने बताया कि जांच के दौरान कई गंभीर नियमों का उल्लंघन पाया गया। उल्लंघन में कारखाना अधिनियम 1948 (संशोधित 1987) की धारा 7A (2)(A), 7A (2)(C), 41, 6(1), 7, 32(1)(ग) सहित संबंधित नियम शामिल हैं। इसके बाद कंपनी के उत्तम कुमार अग्रवाल और कारखाना प्रबंधक वीर विक्रम सिंह के खिलाफ श्रम न्यायालय में केस दर्ज किया गया।

जानकारी के अनुसार, चंवरपुर निवासी उमेश चौहान लगभग तीन महीने से प्लांट की लेबर कॉलोनी में रहकर मजदूरी कर रहा था। 24 सितंबर को ए-शिफ्ट में काम के दौरान चिमनी के चेंबर में जम गई राख को हटाने का प्रयास करते समय भारी मात्रा में गर्म राख उसके ऊपर गिर गई। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button