
बलौदाबाजार,
फागुलाल रात्रे, लवन।
कृषि कार्य में उपयोग किए जाने वाले ट्रैक्टर का खुलेआम व्यवसायिक उपयोग किया जा रहा है। लवन नगर हो या ग्रामीण क्षेत्र सभी जगह ट्रैक्टर-ट्राली में रेत, ईंट, मुरम, मिट्टी, गिट्टी, लोहे के सरिये, चादर आदि की ढुलाई की जा रही है। पुलिस विभाग के जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। ट्रैक्टर कृषि कार्य के लिए बना है, इसलिए आरटीओ से टैक्स में छूट है। जिसका फायदा व्यवसायी और सप्लायर माल ढुलवाने में जमकर उपयोग कर रहे हैं और आरटीओ के राजस्व में चूना लगा रहे है।
यह ट्रैक्टर-ट्राली आम राहगीरों के लिए आए दिन एक्सीडेंट का खतरा बनते हैं। ट्रैक्टर-ट्राली से कई हादसे भी हो चुके हैं। जिम्मेदार विभाग के अधिकारियों की निगाहें इस पर नहीं पड़ रही है। ट्रैक्टर-ट्राली का व्यवसाय में उपयोग सबसे ज्यादा ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में आने वाली महानदी पर रेत का अवैध खननकर्ता ट्रैक्टर-ट्राली का उपयोग ही करते है, क्योंकि सकरे रास्ते से इसे निकालने में आसानी होती है। ग्रामीण क्षेत्र में परिवहन विभाग कभी जांच पड़ताल करने नहीं जाता इसलिए इसका व्यवसायिक उपयोग बढ़ गया है। कृषि कार्य में ट्रैक्टर से व्यवसाय करने वाले जमकर मुनाफा कमा रहे है, परंतु जिम्मेदार परिवहन विभाग आंख पर पट्टी बांधे बैठे हैं। इनकी नजर कभी इन व्यवसाय करने वाली ट्रैक्टर ट्रालियों पर नहीं पड़ती इनकी अनदेखी के चलते नगर से लेकर गांव की गलियों कूचों में धड़ल्ले से ट्रैक्टर-ट्राली में ईंट, रेत, गिट्टी, मुरम और मिट्टी का परिवहन हो रहा है।




