
बलौदाबाजार,
फागुलाल रात्रे, लवन।
फागुलाल रात्रे, लवन।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अंचलभर के मौसम में लगातार दूसरे दिन तब्दीली देखी गई। शुक्रवार से आसमान में काले बादल छाये हुए है, जिसकी वजह से हल्की से ठंडक भी बढ़ गई है। वही, दिन व रात का तापमान कम हो गया। मौसम विभाग के अनुसार इन बादलों के कारण दो तीन दिन तक बारिश होने की संभावना है। वही तापमान में कमी के साथ ठंड बढ़ेगी। मौसम बदलाव के साथ दिन का तापमान कम हो गया है। देर शांम को आसमान में छाए बादल की वजह से ठंढ भी तेज हो गया।
दरअसल बंगाल की खाड़ी एवं अरब सागर में बन रहे सिस्टम के अलावा एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में दाखिल हो रहा है। इन वेदर सिस्टम के प्रभाव से अंचल में हवाओं के साथ नमी आ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 -48 घण्टे तक यही स्थति बन सकती है। हालांकि अभी अंचलभर में पानी नहीं गिरा है। दिसम्बर का पहला सप्ताह चल रहा है और अभी तक कोहरे की शुरूआत नहीं हुई है, लेकिन दिसम्बर में जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ते जाएंगे वैसे-वैसे सर्दी भी बढ़ने की संभावनाएं है और तापमान भी कम होना तय है। लेकिन इस सर्दी में इस बार सबसे अधिक परेशानी घर से बाहर निकलने वाले लोगों को होगी।
उल्लेखनीय है कि इन दिनो धान कटाई, मिंजाई का काम जोरो पर चल रहा है। किसान खेतों में थे्रसर मशीन या हार्वेस्टर से धान की कटाई कराकर सीधे मण्डी की ओर रूख कर रहे है। वही, जिन किसानों ने अपना धान कटवा लिए है, और समय के अभाव और मजदूर नहीं मिलने के चलते धान समेट नहीं पाये है, उन किसानों को काफी अधिक परेशानी उठानी पड़ सकती है। अधिकतर किसान खेतों में धान की कटाई, मिंजाई कराकर धान को खलिहान में लाकर रखे हुए है। चूंकि मण्डी में पहले लघु कृषकों का धान की खरीदी होती है। इसलिए मध्यम और बड़े किसान अपनी बारी का इंतजार कर रहे है। बारिश होने पर किसानों का धान की फसल भिगने से नुकसान उठाना पड़ सकता है।



