छत्तीसगढ़रायगढ़

रायगढ़: धरमजयगढ़ में 15 नवंबर को राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस, 50 हजार से अधिक लोगों के जुटने की संभावना

रायगढ़। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। आयोजन में विभिन्न जनजातीय समाजों के 50 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। राज्यसभा सांसद नितिन नवीन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।

समारोह की तैयारियों का जायजा लेने वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी 13 नवंबर को धरमजयगढ़ पहुंचे। उन्होंने दशहरा मैदान में मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, बैरिकेडिंग, आवागमन, सुरक्षा और पार्किंग सहित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूरी की जाएं।

धरमजयगढ़ दशहरा मैदान में जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों का निरीक्षण

मंच, बैठक और सुरक्षा व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश

वित्त मंत्री ने आयोजन स्थल पर स्वच्छता, पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से तैयार किए जा रहे प्रदर्शनी स्टॉलों की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं, उपलब्धियों और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तथा युवाओं तक पहुंचनी चाहिए।

जनजातीय गौरव दिवस समारोह के लिए धरमजयगढ़ में मंच और पंडाल की तैयारी

निरीक्षण के दौरान अरुणधर दीवान, जगन्नाथ पाणिग्राही, गोपाल अग्रवाल, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

जनजातीय विकास और सरकारी योजनाओं की लगेगी प्रदर्शनी

समारोह में विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, कृषि, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी जाएगी। योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता और उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस समारोह स्थल का निरीक्षण

बिरसा मुंडा के संघर्ष और योगदान को किया जाएगा याद

भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलिहातू गांव में हुआ था। आदिवासी समाज उन्हें ‘धरती आबा’ के नाम से सम्मान देता है। उन्होंने अंग्रेजी शासन और शोषणकारी व्यवस्था के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित किया तथा जल, जंगल और जमीन पर पारंपरिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। 9 जून 1900 को रांची जेल में उनका निधन हुआ।

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर बिरसा मुंडा सहित देश के जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, बलिदान और योगदान को याद किया जाएगा। छत्तीसगढ़ के वीर नारायण सिंह और गुंडाधुर जैसे जनजातीय नायकों के योगदान को भी स्मरण किया जाएगा।

धरमजयगढ़ में समारोह की तैयारियों में जुटे श्रमिक

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि जनजातीय इतिहास, संस्कृति और परंपरागत ज्ञान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं। समारोह के माध्यम से जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान, लोकनृत्य, लोकगीत, हस्तशिल्प और पारंपरिक ज्ञान की झलक भी प्रस्तुत की जाएगी।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी धरमजयगढ़ में समारोह की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए
धरमजयगढ़ दशहरा मैदान में जनजातीय गौरव दिवस समारोह की तैयारियां
Show More

Related Articles

Back to top button